शनिवार, 21 जनवरी 2012
अथ श्री "कार" महात्म्य!!!
शनिवार, 7 जनवरी 2012
वो “सात” दिन : मुख्य अंश और एक “एक्सक्लूजिव” साक्षात्कार…
आप साहबान ने बहुत से महापुरुषों, लेखकों, खिलाडियों की डायरियां पढीं होंगी | उससे उनके जीवन का “आइडिया" लगता है | जिस तरह से किसी “सिस्टम” को बनाने की दो “अप्रोच” होती हैं ..”बॉटम अप” और “टॉप डाउन" ..उसी तरह डायरी लिखने की भी यही दो अप्रोच होती हैं…
बॉटम अप अप्रोच में कोई भी इंसान पहले जिंदगी से फाईट करता है, रोज आके उन “फाईट सीन" को डायरी के सुपुर्द करता है | फिर एक दिन वो महान बन जाता है | उसकी डायरी तलाशी जाती है | फिर उस डायरी को छापा जाता है | लोग उसे हाथों हाथ खरीद लेते हैं, ड्राइंग रूम में सजाते हैं, किताबों के कलेक्शन में रखते हैं|
टॉप डाउन अप्रोच में आदमी सबसे पहले “फेमस" होता है, फिर वो डायरी खरीदता है, फिर अपने “संघर्ष" के दिन याद करके उसमे डालता जाता है | डायरी खरीदने से लिखने तक काफी लोग उनके आगे पीछे लगे रहते हैं| लिखते ही धर के छपती है किताब| बाकी सब ऊपर वाली अप्रोच के मुताबिक होता है|
कुछ सालों पहले तक डायरियां झमाझम बिकती थीं | फिर अचानक से महापुरुषों की बाढ़ आ गयी| साथ में डायरियां भी काफी आ गयी मार्केट में| जनता तो उतनी ही रही | सप्लाई बढ़ गयी डिमांड कम हो गयी |
काफी लोगो की डायरियां फिर भी खूब बिकीं, असली थी और “ये पब्लिक है सब जानती है"| खैर वो लोग तो खुश रहे |
कुछ लोग जो “जेनुइन” थे पर बढ़िया मार्केटिंग ना होने के चक्कर में उनकी डायरी नहीं बिकीं | पर वो संतोष कर गए | “संतोषं परमं सुखम” | इसको उन्होंने चरितार्थ किया| कुछ लोगो की कीमत संसार को बहुत बाद में पता चलती है|
पर “महापुरुषों" की इसी बाढ़ में कुछ ऐसे भी थे, जिन्हें लगा की वो महापुरुष तो हैं पर जनता को पता नहीं हैं | वो भी डायरी लिख मारे | ऐसे लोगो की डायरी की पब्लिसिटी तगड़े से की जाती है | जैसे कुछ हिस्से छपने से पहले लीक किये जाते हैं, किसी विवादास्पद घटना (जो कम से कम १० साल से ३० साल पुरानी हो, लोगो को धुंधली याद हो बस ) पे उनके “हटके" विचार लिखे होते हैं| किसी बड़ी हस्ती को पानी पी पी के गाली दे देते हैं | अपने पुराने किसी लफड़े-राड़े के बारे में बताया जाता है| किसी और के संबंधों के बारे में भी लिख देते हैं| बिक ही जाती है किताब इसके बाद |
खैर!!!! मुद्दा ये नहीं है, आज मैं आपको एक महापुरुष की डायरी के कुछ अंश बताता हूँ, पूरी डायरी आपको जब भी मौका लगे पढ़ लेना |
महापुरुष किसी परिचय के मोहताज़ नहीं हैं | एक ज़माने में साधारण से इंसान थे , नलके बनाने का काम करते थे, पाइप फिट करते थे , फिर एक दिन उन्होंने एक महल में कैद एक राजकुमारी को आज़ाद कराया | उनकी ये “प्रेम कहानी” गली मोहल्लों तक में फेमस हुई | उसके बाद से ये भी काफी “फेमस" हुए | जी हाँ सही पहचाना मैं बात कर रहा हूँ हर दिल अज़ीज़ “मारियो" भाई की , जिन्हें हम “सुपर मारियो" के नाम से भी जानते हैं|
उनकी डायरी उन दिनो की है जब वे राजकुमारी ढूंढ रहे थे, अपने संघर्षों और अनुभवों को उन्होंने कलमबद्ध किया है इस कृति में… नाम है “दोज सेवेन डेज़" , उसका हिंदी रूपान्तरण भी छपा है “वो सात दिन"…
पहले दिन के बारे में वो लिखते हैं…
“शुरुआत करते हुए बड़ा डर लगा , ना जाने कहाँ होगी राजकुमारी , पता नहीं कैसे हाल में होगी| पर भगवान का नाम लेकर शुरुआत कर दी है | शुरुआत में ही एक बिलौटा सामने से आता दिखा , डर के मारे मैं उछल पड़ा, मेरा सर दीवार से टकराया उससे एक मशरूम निकला, मैंने लपक के उसे खाया, लगा जैसे ताकत बढ़ गयी, बिलौटे से डट के मुकाबला किया"
आगे उन्होंने पाइप में छुपे एक खतरनाक पौधे का वर्णन किया है
“देखने में तो साधारण पाइप दिख रहा था, मैं उसपे चढ खड़ा हुआ , पर उसके अंदर एक छुपा हुआ कटखैया पौधा था, भला हो मशरूम का वरना जान से मरहूम होना पड़ता, लेकिन तभी दिमाग की घंटी बजी की अगर ये नीचे जा रहा है तो नीचे कुछ ना कुछ होगा ही, नीचे गया तो देखा सिक्के ही सिक्के फैले हैं, चूंकि मेरी मशरूमी ताकत तो पौधा खा चुका था इसलिए मैं ज्यादा जोर लगा के उछला , सिक्के बटोरे और आगे बढ़ चला”
एक विशेष फूल के बारे में बताते हुए वो लिखते हैं…
“रस्ते में कुछ अजीब तरफ के फूल मिले, वो कुछ-कुछ सूरजमुखी जैसे लगते थे, उनको मैंने खा तो लिया पर लगा कहीं उल्टी ना हो जाए मेरे को, पर देखा तो मेरे अंदर से गोलियाँ निकल रही थीं…”
पहले दिन के चार पहरों में हर पहर में उन्होंने कोई ना कोई “झंडा" फतह किया, आगे के रस्ते भी मिलते गए, चौथे पहर आके वो एक महल में पहुँच गए | उसके बाहर एक ड्रैगन भाई खड़े थे उनसे मुक्का-लात हुई| किसी तरह आगे बढे| महल में पहुंचे वहाँ उनके नाम एक संदेश रखा हुआ था कि बहुत-बहुत शुक्रिया यहाँ आने के लिए लेकिन राजकुमारी किसी और महल में हैं | उनका दिल टूट गया…
“हताशा बढ़ गयी सन्देश पढ़ के, जीवन कोरा भ्रम लगने लगा है | रात वहीँ गुजर करने का मन बनाया है , शुक्र है अपना ए एम रेडियो साथ रख लिया था | उसे चलाया तो विविधभारती स्टेशन लग गया , उसपे हवामहल प्रोग्राम आ रहा था, अंदाज़ा लगाया की रात के साढ़े आठ बजे होंगे|”
दूसरे दिन से लेकर सातवें दिन की डायरी का हाल चाल लगभग एक सा दिखता है, कठिनाइयाँ उनके जीवन का हिस्सा बनती सी दिखती हैं, हर रोज के चौथे पहर बाद वो अपनी डायरी लिखते रहे| दूसरे दिन के चौथे हिस्से का वर्णन उन्होंने कुछ यूं किया है…
“मुझे दो दिन से ये चौथा हिस्सा पार करना बड़ा मुश्किल लग रहा है, एक तो अँधेरा होने लगता है और ठीक महल के दरवाजे पे खड़ा ड्रैगन, साथ में कल-कल कर बहती नदी का पुल, बड़ा मुश्किल हो जाता है| शुक्र है की फ्लड लाईट लगी हुई हैं और बत्ती बराबर आ रही है| पर महल के अंदर अँधेरा सा है| मुझे मोहम्मद रफ़ी का गाना याद आता है “चराग दिल का जलाओ, बहुत अँधेरा है”, महल के अंदर मै उसी चरागे में सोने जा रहा हूँ, इस उम्मीद में की कल तो मुझे राजकुमारी मिल जायेगी|”
तीसरा दिन भी ऐसे ही बीत जाता हुआ दिखा है | चौथे दिन के हिस्से ऐसे दिख पड़े हैं…
“तंग आ गया हूँ मैं, इन बिलौटों, बतखों से लड़ते हुए, रोज का वही लफड़ा, कहाँ तक लडूं इस जालिम दुनिया, बेरहम समाज से, कोई इंसान भी तो सामने नहीं आता, जानवर भेजे पे भेजे जा रहा है, कुछ एक बार में मर रहे हैं, कुछ दो बार में, कुछ को खाई में फेंकना पड़ रहा है, इतने पाप करने पड़ रहे हैं| पाप का घड़ा भरने को है, पता नहीं राजकुमारी से मिलने से पहले फूट ना जाए| यमराज की भी टेंशन बराबर बनी रहती है|”
यहाँ तक आते आते राजकुमारी से मिलने की बेताबी भी साफ़ झलकने लगी…
“तुम पता नहीं कैसी होगी, दिखती कैसी होगी, क्या तुम मुझे देखते ही मुझसे प्यार करने लगोगी? तुम्हारे लिए कोई भेंट भी तो नहीं ला पाया, जल्दी में था और सोमवार को दुकाने भी कम खुलती हैं, उसपर भारत-पकिस्तान का मैच चल रहा था, जनता खाना तो खा नहीं रही थी, दुकान क्या खोलती | उम्मीद है की तुम मुझे माफ कर दोगी | मेरे सच्चे प्यार को ही तोहफा समझना | तुमसे मिलने की बेकरारी बढती जा रही है |”
पांचवे दिन मुश्किलों के और बढ़ जाने की बात लिखी है उन्होंने| छटा दिन भी ऐसे ही बीता | दो दिन से गोलियों , बंदरों का भी मुकाबला करने की बात लिखी है| सातवें दिन के एंड में वो लिखते हैं…
“मेरे सब्र का बाँध टूट गया है, ऐसी कौन सी मुश्किल है जो मैंने नहीं झेली | ऊपर वाला मेरे सब्र का इम्तेहान ले रहा है | सब्र का फल मीठा होता है और ज्यादा मीठा खाने से डाइबिटीज़ रोग हो जाता है | इसलिए ज्यादा ये मिठाई नहीं खाऊंगा | एक-दो दिन और देखता हूँ नहीं तो फिर किसी मैट्रीमोनी साईट पे अपनी प्रोफाइल बना दूंगा, किसी से भी शादी कर लूँगा| राजकुमारी से प्यार महंगा ना पड़ जाए"
यहीं पे किताब खतम होती है | किताब के अंत में प्रकाशक का एक नोट है..
“इस तरह मुश्किलों से जूझते हुए मारियो ने अपनी राजकुमारी को पा लिया, आप भी मेरे साथ उन दोनों के उज्जवल भविष्य की कामना करें, पुस्तक पढ़ने पर बधाई और अगर आपने ये किताब खरीद के पढ़ी है तो शुक्रिया भी|”
मंगलवार, 3 जनवरी 2012
प्यार, इश्क, मोहब्बत और लफड़े…
दुनिया में सभी लोग, कभी ना कभी “पहला” प्यार करते हैं, कुछ पहला प्यार एक बार करते हैं, कुछ कई बार करते हैं|पर प्यार पहला ही रहता है | इस बाबत आदरणीय राहुल जी का बयान देख लीजिए ..
प्यार, इश्क, मोहब्बत| ये सब उस उड़ती हुई चिड़िया के वो पर हैं, जिनको गिनने की कोशिश हर इंसान ज़िंदगी में कभी ना कभी तो करता है, कुछ “सक्सेसफुल" रहते हैं, बाकी दूसरी चिड़िया “टारगेट" करते हैं|
प्यार हो जाना बड़ी आम बात है, ज्यादातर लड़कों को अपनी इंग्लिश वाली और लड़कियों को मैथ्स वाले टीचर से पहला प्यार हो जाता है| ये प्यार साल दर साल बढ़ता रहता है| और ज्यादातर लोग इसे बहुत जल्दी भूल जाते हैं| और ये सबको तब याद आता है जब वो “ट्रुथ & डेयर” खेलते हैं| Who was your first crush?
लाइफ का दूसरा इम्पोर्टेंट प्यार, हमें अपने साथ पढ़ने वाले किसी बंदे या बंदी से होता है, जिसे "क्लासमेट" कहते हैं | इस मामले में की गयी एक रिसर्च के बाद कुछ तथ्य सामने आये हैं :
- लाइफ का ये प्यार , ज्यादातर एकतरफ़ा होता है|
- सुंदरता बांटने में भगवान ज्यादा पक्षपात नहीं करते, हर उम्र के लोगो के वर्ग में कुछ सुन्दर (सभ्य, सुशील भी पढ़ें) लोग होते हैं | एसी “सुन्दर" कन्याओं के मोहल्ले का चक्कर हर दूसरा लड़का , सुबह शाम लगाता रहता है| और ऐसे ही “हैंडसम" लड़कों के नाम काफी लड़कियों की नोटबुक के पीछे के पन्नों में पाए जाते हैं|
- इसके अलावा बाकी जनता सपोर्टिंग रोल में होते हुए भी अपने आप को मुख्य नायक या नायिका समझती रहती है|
- इस तरह के इश्क ज्यादातर क्लास में, ट्यूशन में , समोसे की दुकानों में परवान चढते हैं, और इनकी परिणति गिफ्ट्स की दुकानों में हो जाती है|
लाइफ का तीसरा इम्पोर्टेंट प्यार होता है कॉलेज में | ये खतरनाक होता है |यही वो लाइफ का पहला प्यार होता है, जिसमे रातों की नींद , दिन का चैन एक साथ खो जाता है | यही प्यार पहली बार चार-दीवारी का “रूल” तोड़ता है, खुले बागों में गाना गाता है | पहले प्रेम-पत्र भी लिखे जाते थे, आजकल ज़माना सोशल नेट्वर्किंग का है | ये प्यार “जनम – जनम” के साथ वाले प्यार से ठीक एक कदम पीछे वाला होता है, वो इस जीवन में “बिलीव" करता है | कवितायेँ लिखने की शुरुआ़त भी यहीं से होती है|
इसके बाद भी लाइफ में बहुत से प्यार होते रहते हैं | मेरे एक मित्र ने अपनी पत्नी को देखते हुए कहा “हमारी तुम्हारी आपस में “अंडरस्टैंडिंग" को देखते हुए ऐसा लगता है कि अब बस ये हमारा तुम्हारा साथ साथ सातवाँ जनम ही है”| नज़र ना लगे ऐसे प्यार को…
.
अब प्यार की कहानी तो इतनी लंबी है, कहाँ तक लिखें| लफड़ों की बात करते हैं, तो जनाब ये जो लफड़े हैं ना, ये एक अकेली चीज़ हैं जो जीवन भर होने वाले प्यार में आप के साथ खड़े रहते हैं| ज्यादातर लफड़े प्यार खतम करने का काम करते हैं, प्यार के पर्यायवाची होते हुए, विलोम का काम करने लगते हैं | उन्ही को नीचे “लिस्टिया” रहे हैं:
प्यार का सच्चा होना : ये बात एक बार मेरे एक परम मित्र (नाम नहीं लूँगा, मना किया गया है) के साथ एक गहन डिस्कशन के बाद निकल के आयी| एक्चुअली प्यार का कुछ ज्यादा सच्चा हो जाना उसके पूरे ना होने का मुख्य कारण है | वैसे ही जैसे सोच गहरी हो जाये तो फैसले कमज़ोर हो जाया करते हैं| हर सच्चे प्यार करने वाले को लगता है कि उसके प्यार की खबर सामने वाले को पहुँच जायेगी , अपनेआप | कहीं उसके बताने पे सामने वाले को बुरा ना लग जाये, आखिर सच्चा प्यार है, ये तो नहीं होना चाहिए| बस इसी वक्त भैंस, जो है चली जाती है पानी में| एक इस तरफ टुकड़ों में जीते रहते हैं और उम्मीद करते हैं कि सामने वाला भी टुकड़ों में दूसरी तरफ जी रहा होगा | आखिर प्यार सच्चा जो है |
दोस्तों का होना : एक बार एक बात बताई थी किसी महापुरुष ने “Fastest way of communication “tell a woman” and to make it even more fast tell her not to tell anyone else” | बाकी का तो पता नहीं पर प्यार के मामले में लड़के भी इससे पीछे नहीं| अगर आप ने अपने किसी सबसे अच्छे दोस्त को बता दिया “कि देखो वो जो है ना, पीला दुपट्टा नीले सूट में, तुम्हारी भाभी है, और देखो अभी मामला नया है, अपने तक ही रखना, वक्त आने पे पार्टी होगी" | पर क्या मजाल सामने वाला मान जाये| देवर होने के सारे फ़र्ज़ निभाने शुरू :
पहला डायलोग (खुद आपसे): “भाई, भाभी तो बताया?? नहीं?? तो ये काम मैं कर दूं??, अपना लक्ष्मण और हनुमान दोनों मेरे को ही समझो"
दूसरा डायलोग (उस “दूसरे" लड़के से जो उसी लड़की पे फ़िदा है ) : “ओए लल्लू-पंजू, जो भी हो तुम , आजसे इसके आसपास दिखे तो, इतना धोयेंगे कि सर्फ़ एक्स्केल का प्रचार करने वाली सफ़ेद कमीज़ बन जाओगे , समझे, कट लो, भाभी है अपनी ” ( लड़की को तो अभी तक नहीं पता चला आपके प्यार का, और अभी तो सीन में आप भी नहीं हैं)
तीसरा डायलोग (वो “देवर" जी अपने दोस्तों में जब आप नहीं हैं वहाँ पे) : “देख वो जो है ना, हाँ वही जिसे पटाखा बोलते थे हम सब, आज से कोई कुछ नही बोलेगा, भाभी हो गयी है अपनी, भाई का दिल आ गया है, समझे|” इसी बीच किसी ने बोला “अपन तो सब भाई हैं, कौन से भाई का दिल आया है ये तो क्लीयर करो" वो जवाब देंगे “वही साइंटिस्ट , अपना आइन्स्टाइन, अबे उसके सामने मत बोलना, सेंटी आदमी है , बुरा मान जायेगा" | देखा उन्होंने किसी को नहीं बताया|
अब ऐसे लोग अपनी हरकतों से भी बाज़ नहीं आते, किसी दिन मान लीजिए उसी लड़की से किसी बात पे उलझ गए, काफी गालियाँ सुननी पड़ गयी उन्हें, तो लड़की को ही जवाब दे देंगे “वो तो ***** (यहाँ पे आपका नाम भी हो सकता है) भाई का लिहाज़ कर रहे हैं, वरना तुम जैसियों को सुधारने में हमें टाइम ही कितना लगता है” | आपको इतनी इज्ज़त कब चाहिए थी भला?? आपके एक तरफ़ा प्यार का ऐसा कचूमर निकलेगा| इसके बाद आप नज़रें नहीं मिला पाओगे, छुपे छुपे घूमोगे| कालेज में टॉप भी कर लो तो भी घूर के देखा जायेगा |
एक और लफड़ा नया आ गया है मार्केट में , अब जैसे ही आपने बताया कि आपको फलां कन्या से प्यार हो गया है, तुरंत आपके दोस्त बोलेंगे “फेसबुक पे स्टेटस कमिटेड करो बे” |
शाहरुख खान : एक तो भाई ये शाहरुख खान, इतना बिगाड़े हैं जनता को, हर कोई खुद को "राज" समझता है, और एक अदद "सिमरन" की तलाश में लगा रहता है, राज को तो पिट-कुट के सिमरन मिल गयी पर असलियत में कितने लोग कुटे , सिमरन तो क्या उसकी झलक ना मिली| कुछ को तो लड़की के पिता जी ने हड़काया, कुछ को लड़कियों के भाइयों ने दौड़ाया, मोहल्ले के बाकी लड़कों ने कूटा | और इनको लगता रहा इनकी सिमरन अपनी माँ के साथ भागते हुए आएगी| पिटते-पिटते काफी देर वेट किया, और बाद में तो खुद जा भी नहीं पाए, ले जाए गए|
दरअसल प्यार में “कुछ तुम सोचो, कुछ हम सोचे” की जगह “कुछ तुम बदलो, कुछ हम सुधरे” का लोजिक चलता है| पर शाहरुख भाई की इन कुछ फिल्मों पे गौर फरमाएं:
इन सारी फिल्मों में बदलने सुधरने का जिम्मा पैरेंट्स पे रहता है| मतलब “हम ना बदलब, सुधरिहे संसारा"
और प्यार इनके लफड़े में पड़ के बस पड़ा रह जाता है, ना “पैरेंट्स” बदलते हैं ना हम सुधरते हैं| अब तक तो काम चल रहा था ई सब पिक्चरें देख के, पर अब इनको झेलना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन भी हो गया है |
डर : “ना” सुनने का डर , एक तो ये ससुरा बड़ा खूंखार लफड़ा है, “वो ना कह देगी या कह देगा तो क्या होगा" | इस चक्कर में भी बहुत लफड़ा-लोचा हुआ है| ज्यादातर प्यार इसी के चलते एक तरफ़ा रह के कब्र-नशीं हो गया , सुपुर्द-ए-ख़ाक हो गया, शहर-ए-खामोशा पहुँच गया | पर ये डर युग युग से चलता आया, और आगे भी जारी रहने की भी उतनी ही संभवनाएं हैं|
एक बात बड़ी खास है इसके साथ, कित्ताओ समझा लो जनता को, कि आगे बढ़ो, क्या होगा, ना बोलेगी तो क्या होगा, कुछ नहीं होगा, फिकर नॉट| पर ना कोई ना समझा | (मैं भी नहीं )|
एक और डर है, सोसाइटी में नाम खराब होने का, जिसके बाद आप अपने घर में भी पीटे जा सकते हो, इससे डर के भी बहुत लोग डरते रहते हैं, उनको “स्प्राईट” पीनी चाहिए| “डर" के आगे “जीत" है | (घटिया डायलोग, पर झेलो)
कविता : इस नाम की कोई भी कन्या ना घबराए, मैं उनके बारे में कुछ नहीं लिखने जा रहा| दरसल ये मेरा पर्सनल लफड़ा है| कविता लिख के प्यार जताना बहुत रिस्की हो जाता है| एक कहानी सुनाऊं, सुनोगे…
तो हुआ यूं की मेरे मेरे एक दोस्त फ़िदा थे एक मैडम पे, वो कवितायेँ लिखती थीं| और हम भी अपने दोस्तों में बदनाम थे तुकबंदी के लिए| मैडम की एक सहेली थी, उनपे हम फ़िदा थे | एक प्लेट ब्रेड-पकोड़े और एक कप चाय की एवज में मेरे "उन्ही" दोस्त ने मुझसे एक कविता लिखवा ली …
इसलिए पहले तो कविता लिखो नहीं प्यार में, लिखो तो अपने लिए लिखो|
“पुस्तक में लिखी विद्या, दूसरों के हाथ में गया धन और किसी और के प्यार के लिए लिखी गयी कविता, तीनो वक्त पड़ने पे कभी काम न आये हैं, ना आयेंगे"
जीवन का लक्ष्य: प्यार के बीच में ये लक्ष्य हर बार आते रहे हैं, कभी कभी ये प्यार को पाने में मदद करते हैं, वरना आम तौर पे ये खतम ही करते हैं सब कुछ..इस श्रेणी में आने वाले कुछ वाक्य निम्नलिखित हैं:
- मैं यहाँ पढ़ने आया हूँ| (कॉलेज वालों का पसंदीदा)|
- पहले पढ़-लिख के बड़ा आदमी बन जाऊं|
- पहला एम नौकरी, बाद में आये छोकरी|
- अभी पढाई का टाइम है, प्यार के लिए तो ज़िंदगी पडी है|
रविवार, 25 दिसंबर 2011
रिसर्च-ए-पियक्कड़ी
हम थोड़ा नाराज़ हो लिए, हमें तो खुद रिसर्चियाने की आदत बचपन से रही है | हम बोले “नहीं मालिक! ऐसा नहीं है, अगर दुनिया में रिसर्च ना हो तो काम नहीं चलेगा, देखो जैसे लोग आइंस्टाइन पे रिसर्च कर रहे हैं, कि उनके पास इतना दिमाग कैसे आया, इससे बहुत लाभ होगा|”
जवाब मिला “अबे आइंस्टाइन को तो हम भी सर्च कर रहे हैं, पता नहीं का का लिख के कट लिए, कुछ करना है तो समाज के लिए, देश के लिए करो, रिसर्च-फिसर्च से कुछ नहीं होगा, समझे बे”
बात के बढ़ जाने पर पिटने का डर था, इसलिए हमने उनको प्रणाम किया और बोले “खैर गुरु कोई बात नहीं, बाद में डिसकसियायेंगे इस मुद्दे पे, अभी चलते हैं|”
१. पानी पीना
२. खून पीना
३. सिर्फ “पीना"
पानी पीना एक ऐसी बेफजूल की प्रक्रिया है जिसके लफड़े में पड़ के इंसान रात को जाग-जाग कर, काम करने के बीच भाग-भाग कर, पानी के जग, गिलास आदि तक जाता है, पानी पीता है, और वापस आ जाता है| जीवन की नीरसता को बढाने में इसी पानी पीने का मुख्य योगदान है| पानी पीने के साथ और भी बड़ी समस्याएं हैं| जैसे : पीने का पानी साफ़ ही होना चाहिए| आदि आदि|
खून पीना, एक “बौद्धिक" प्रक्रिया है, इसमें खून का कोई आदान-प्रदान नहीं होता, ना आपको “ड्रैकुला" बनने की ज़रूरत है, बस जब भी, जहाँ भी मौका मिले, किसी ऑब्जेक्ट को पकड़िये और उसे ज्ञान देने लगिये, चाहे वो सुने ना सुने | थोड़ी देर में वो खुद ही बोल देगा “आगे बढ़ो, काहे खून पी रहे हो"| बस यही वो क्षण होगा जब आप खून पीने में एक्सपर्ट होने की तरफ कदम बढ़ा दोगे | (जैसे मै इस पोस्ट के साथ आपका खून पी रहा हूँ)
सिर्फ"पीना" ही है जो असली पीना है | इस कैटेगरी में व्हिस्की, वोडका, रम आदि पीना आता है| इन्हें पीने पर ही आदमी पीने वाला या पियक्कड़ कहलाता है| इसके बारे में और जानकारी नीचे के हिस्सों में है|
- अपने घर से दो गली दूर से ही दरवाजा खोलने की आवाज लगाना|
- रस्ते पे बैठे कुत्तों को प्यार करना, कि तुम ही मेरे सच्चे दोस्त हो|
- बार बार चीख चीख के कहना कि मैंने पी नहीं रखी है|
- पहले तो लड़खड़ाते हुए गिरना नहीं, और गिरना भी तो सीधे नाली में गिरना|
मामला “मार्केटिंग" से जुड़ा हुआ है| दरअसल बाकी युगों में “दारू" के सेल्समैन थोड़े कमजोर थे| सतयुग में देवता लोग समुद्र-मंथन के बाद अमृत के पीछे पड़ गए| लड़ाई में बड़े बड़े लोगो को आना पड़ा, दारू दब गयी इस लफड़े में | द्वापर में तो कृष्ण जी सबकुछ थे, और चूँकि वो खुद गाय प्रेमी थे तो एडबाजी घी की हुई, शराब फिर कहीं कोने में अपना अस्तित्व संभालती रही| कलियुग में बड़े बड़े लोग इसकी मार्केटिंग में कूद पड़े, तो बाकी सब पीछे हो गए|
फिर भी पीना एक सामाजिक बुराई कहलाता है, ऐसा क्यूँ?
ये सब किया धरा है उनलोगों का जो खुद नहीं पीते, अब जब खुद नहीं पीते तो औरों को पीते नहीं देख सकते| और किसी तरह तो पीने वालों या पियक्कड़ों का विरोध हो नहीं सकता था, इसलिए इसे सामाजिक बुराई बता के इसका विरोध करते हैं| पीने को समाजविरोधी बोलना ठीक वैसा है जैसे अंगूर ना मिलने पे कहना कि अंगूर खट्टे हैं|
तो पीना बुरा है या भला?
नो कमेन्ट|
शनिवार, 17 दिसंबर 2011
आप आ रहे हो ना?
तो हुआ यूं कि बिरेंदर जो है वो गिल्ली डंडा का मैच जिताए दिया गाँव को, सारे बाल-गोपाल अपने कंधे पे बैठाय के जुलुस निकाल दिए, पूरे गाँव में | जुलुस जो है वो खतम हुआ कल्लू के हाते में, मुखिया जी खुद आये बिरेंदर को ५१ रुपये का इनाम देने और साथ में रोज ताजा दूध पहुँचवाने का वादा भी किये|
सारा वाकया, जो कल्लू के हाते में हुआ, महेशवा के घर से दिख रहा था, महेशवा की “दुक्लौती" पर छोटी लड़की, रूपा, फ़िदा हो गयी बिरेंदर पे| बिरेंदर भी “ज़माने" से फ़िदा रहे रूपा पे|
पिछले प्रधानी के चुनाव में महेश , करेंट प्रधान जी के “स्टार" प्रचारक रहे | धाक जमाने के लिए अपना “मोबाइल" नंबर भी बता दिए सबको| जबसे प्रधान जी चुनाव जीते, महेश लग लिए प्रधान जी की जी-हजूरी में, और फोन आ धमका रूपा के हत्थे…
फिर एक दिन जब सुत्तन की शादी के महिला संगीत में महेश का फोन, रूपा के हाथ में देखा तो बिरेंदर “सन्देश" भेज दिए… “कैसी हो रूपा…बिरेंदर"
जवाब भी आ गया “हम ठीक हैं, तुम अपनी कहो"
बिरेंदर को तुरंत “बैलेंस" का खयाल आ गया “अरे तुम्हरे फोन में करेंसी तो है?”
(भाई लोगो आजकल करेंसी का मतलब मोबाईल का बैलेंस होता है)
इसका भी जवाब “निशा खातिर रहो, ३० रुपये का टाप-अप डलवाए हैं..१५०० एसमेस फ्री हैं"
इसके बाद तो बिरेंदर के पर लग गए..रोज रात एस एम् एस करने लगा…
अब बात उस दिन की जिस दिन टैपिंग हुई…. (इसके बाद जहाँ नाम दिखे समझो वो एस एम् एस कर रहा है)
बिरेंदर : “कल सनीमा चलोगी???”
रूपा : “कौन सा?”
बिरेंदर : “गजनी”
रूपा : “धत्त, चंडाल लग रहा है अमिरवा, कोई रोमांटिक दिखाओ”
बिरेंदर : “रोमांटिक ही मानो, हम तुमको प्यार से “कल्पना" ही बुलाते हैं”
रूपा : “धत्त, रूपा अच्छा है”
बिरेंदर : अच्छा सुनो , अगर सनीमा नही जा सकती तो कल गेंदामल की दुकान पे मिलो| जलेबी खाओगी?
रूपा : “चुप करो, गेंदा चाचा रोज घर आते जाते रहते हैं”
बिरेंदर: “हम सब इन्तेजाम कर लेंगे, तुम आ जाना….कुछ बात करनी है तुमसे"
(इसके आगे कि कहानी आमने सामने की है, “नो एस एम् एस” )
बिरेंदर सब सेट कर लिए, गेंदामल की दुकान पे पप्पू काम करता है, बिरेंदर का जिगरी दोस्त, उसको खोपचे में लिया गया…“सुनो पप्पू, कल दुई ठो मेज़ खाली रखना ३ से ४ के पास-पास"
पप्पू : “दो काहे?”
बिरेंदर : “अबे तोहार भाभी आ रही है, अब आमने सामने नहिए ना बैठ सकते हैं"
पप्पू : “ठीक है पर कमीशन लगेगा…पूरे ५ रूपये”
बिरेंदर : “ले लेना साले…एक बार बस मिलने का जुगाड़ कराओ”
अगले दिन ठीक ३ बजे रूपा अपनी तीन सहेलियों निम्मो, सीमा और सुधा के साथ गेंदामल के यहाँ पहुँच गयी| थोड़ी देर में बिरेंदर भी पहुंचा, साइकल की घंटी टनटनाते | और जा के बैठ गया ठीक रूपा के पीछे वाली मेज़ पे| दोनों की पीठ एक दूसरे की ओर थी…खुसफुसा के ही बातें हो रही थीं…
बिरेंदर : “करीना लग रही हो एक दम!!!”
रूपा : “तुम भी एक दम शाहरुख!!!!”
फिर दोनों हंस दिए| बिरेंदर ने चिल्ला के कहा “पप्पू , एक पलेट जलेबी लाओ"
पप्पू को कमीशन पहुँच चुका था, प्लेट सीधे रूपा की मेज में पहुँची…
बिरेंदर : “लो जलेबी खाओ”
रूपा ने एक जलेबी खाई, मिठास उसकी आवाज़ में उतर गयी “एक दम ताजी हैं"
बिरेंदर : “एक दम, पप्पू अपना आदमी है, बासी थोड़े देगा….समोसे खाओगी….बहुत नाम है यहाँ के समोसों का”
रूपा : “देखो ये बताओ बुलाए काहे हो, अम्मा से झूठ बोल के आये हैं कि सीमा के घर जा रहे हैं, जल्दी जाना होगा”
बिरेंदर : “अरे पहले खा तो लो , भूखे पेट कोई बात होती है भला”
रूपा : “सुबह से दो बारी खाना खा चुके हैं…अब काहे की भूख, जो कहना है जल्दी कहो”
बिरेंदर : “अच्छा ठीक है , अपनी सहेलियों को बोलो दूसरी तरफ देखे पहले”
रूपा : “बोलो, वो नहीं सुन रही, हम घर से मना करके लाये हैं कि केवल आँखे खुली रखना कान नहीं, अब बोलोगे कि हम जाएँ”
बिरेंदर : “अरे बिदकती काहे हो, बोलते हैं ना”
रूपा: “तो बोलो”
बिरेंदर : “अच्छा सुनो , हमें तोहरे पिताजी से बहुत डर लगता है”
रूपा : “हमको भी लगता है, ये बताने के लिए बुलाए थे ?”
बिरेंदर : “अरे नहीं, कल तुम्हारी अम्मा मिली थी सब्जी मंडी में , वो बहुत अच्छी हैं, और तुम्हारी दीदी की शादी में पानी का पंडाल हमहि देखे थे”
रूपा : “हमें पता है, तो ये बता रहे थे?”
बिरेंदर : “नहीं हम ये कह रहे हैं कि पप्पू कह रहा था कि तुम्हरी शादी के खाने और मिठाई का काम उसे मिल जाता तो ठीक रहता…”
पप्पू ने घूर के बिरेंदर कि तरफ देखा | रेडियो कमेंट्री तो वो भी सुन रहा था|
रूपा : “काहे???”
बिरेंदर : “अब शादी हमारी होगी तो और कोई खाना कैसे बना सकता है…”
रूपा : “धत्त!!!!”
और वो उठ के वहाँ से चली गयी…
शनिवार, 10 दिसंबर 2011
पढाई-लिखाई
कुछ लोगो के पास केवल एक ही काम होता है, वो हर चीज़ को रिकार्ड करते रहते हैं, घटना, सुघटना, दुर्घटना, खेल, खिलाडी, अनाड़ी, कबाड़ी | जहाँ जिसके बारे में कुछ मिला रिकार्ड कर लिया | ऐसे लोग समाज के दुश्मन होते हैं| कुछ ऐसे ही लोगो की वजह से ऊपर दिए गए सारे कन्फ्यूजन रिकार्ड हो गये….जिसको ये सब समझ में आता है वो सब विज्ञान बोलते हैं और बाकी सब नौटंकी…
और ऐसे ही समाज के द्रोहियों के लफड़े में पड़कर कुछ लोगो ने “पढाई-लिखाई" जैसी काली करतूत को जनम दिया…सोचो अगर पढ़ना लिखना बुरी बात डिक्लेयर की गयी होती तो? किताबे बेचना कानून के खिलाफ (कानून की भी कोई किताब नहीं, जिसका जो मन आया वो क़ानून, पर किताब रखना सबके लिए गैर कानूनी) |
पता चला कोई नया सिनेमा आता, हीरो बागी है, माँ-बाप की नहीं सुनता, किताबें पढता है, हिरोइनी भी बागिन (अब बागी का स्त्रीलिंग तो बागिन ही समझ में आया अपनी) , वो लिखती है!!! | मुंबई की कहानी है, बड़ा शहर है, पढ़ना लिखना खुले आम होता है, दोनों भाग के शादी करते हैं, जीवन सुख से बीतने लगता है, कहानी खतम होती है, पिक्चर का नाम है “जब दोनों लिखे-पढ़े"|
पहले तो पिक्चर की शूटिंग नहीं हो पाती….गंगा किनारे का सीन है कि हीरो हिरोइनी को छुप के किताब देने आया है | शुरू ही हुई शूटिंग, कि आ गए कुछ लोग | “गंगा के किनारे इतना अपवित्र काम, पढाई???? ई बरस फिर सूखा पढ़ेगा, कल्मुहे और करमजली , गंगा किनारे किताब, घोर कलजुग" | दो चार लोग सेट तोड़ देते, कुछ डायरेक्टर को रपटा लेते, कोई प्रोडूसर को पीट देता | एक तरफ कोने में म्यूजिक डायरेक्टर बज रहे हैं| गीतकार के कपड़े फाड़ दिए गए हैं, झोला फाड़ के काफिया मिलाया जा रहा है|
मान लो छुप छुपा के किसी तरह पिक्चर पूरी हो गयी | रिलीज़ से पहले सेंसर बोर्ड आ जाता| देखो वो जहाँ जहाँ किताब दिखी है उसे धुंधला कर दो, जहाँ जहाँ पढाई लिखाई बोला गया हैं वहाँ “टूऊँ” डालो, और ये जो एक सीन है ना जहाँ पुस्तकालय दिखाया है, इसे तो भाई काटना पड़ेगा, नहीं तो पिक्चर पास नहीं होगी | और वो जो एक सीन है जिसमे नदी किनारे हीरो हिरोइनी को किताब देता है , इसकी वजह से पिक्चर एडल्ट घोषित की जाती है|
पिक्चर रिलीज़ होते ही कोहराम, जगह जगह पिक्चर के प्रिंट जलाये जाते, पिक्चर के पोस्टर जिन गलियों में लगते वहाँ बच्चे माँ बाप से नज़रें छुपा के जाते….”सोनू अरे ऊ समोसे की दुकान के
ऐसी फिल्मे छुप छुप के चलती | कल्लू के हाते में रात को सनीमा चलेगा १२ से ३ के बीच में, दीवाली के बहाने निकल लेना, बोलना होलिका दहन करने जा रहे हैं, कोई जान नहीं पायेगा|
तब कुछ पढाकू लोग वैसे पढते जैसे आज छोटे शहरों के लडके छुप छुप के दारू-सुट्टा पीते हैं| “सुनो रेल की पटरी के पास वो जो खंडहर है, आज शाम वहाँ १५-२० किताबे लाई जाएँगी, सब इकठ्ठा हो जाना, २-४ सुना है कविताओं की भी किताबें हैं, सब पढेंगे | और देखो एक झटके में पढ़ना, जादा देर चहलकदमी हुई तो पकडे जाओगे, और भाई पढ़ते पकड़े गए तो सुनीता-अनीता सब गयी हाथ से, शहर छोड़ना पड़ेगा|”
तब किताबों के छोटे छोटे हिस्से किये जाते| सब आपस में बाटते और “चियर्स" बोलके जल्दी जल्दी पढते| लौटते वक्त सब अपनी ऑंखें धो लेते “कुछ शब्द आँखों में छप जो जाते हैं"| पकडे जाने का खतरा रहता|
छोटा भाई, बड़े भाई की शिकायत करता पिताजी से “पापा मिंटू दादा किताब पढ़ रहे हैं" पिताजी छोटू को तो दो टाफी देते, मिंटू कूट दिए जाते…
सुबह उठे तो स्कूल की बजाय जंगल चल दिए, शाम को होमवर्क नहीं है, मस्ती से बैठे, आग जला रहे हैं | होनहार होने कि कसौटियां बदल जातीं, महेशवा की लड़की कितनी होनहार है, चीते जैसी भागती है, और ऊ बिरेंदर गिल्ली डंडा का हीरो बन गया है, शादी हो जायेगी अब दोनों की |
वहीँ किसी के घर में तार आता “माँ मैं पढाई करने शहर भाग आया हूँ, परेशान मत होना” | और घर में कोहराम मच जाता…..
बुधवार, 30 नवंबर 2011
साल्ट लेक सिटी ट्रिप…
हाँ तो जेंटललेडीज़ एंड मेन !!!
Happy belated thanksgiving!!!!
ये थैंक्सगिविंग बड़ा खूंखार त्यौहार है भाई!!! नवम्बर के चौथे गुरूवार को अमरीका में ये मनाया जाता है | और अगले दिन हर चीज़ पे इतनी छूट मिलती है कि कोहराम मच जाता है हर तरफ…मजबूरन इसे काला शुक्रवार घोषित करना पड़ा है (हमें तो यही कारण लगता है बाकी राम जाने काहे बोलते हैं इसे कलुट्टा शुक्कर)…
सबसे गलत बात तो तब होती है जब अगले सोमवार सब बैठ के डिस्कस करते हैं कि “भईया तुम का खरीदे" और अगर आपने कुछ नहीं खरीदा तो इससे बड़ा कोई पाप नहीं हो सकता | कुछ कुछ लोग तो ऐसे ऐसे सामान खरीद डालते हैं कि बस पूंछो ना…जैसे शेविंग किट पे ९०% डिस्काउंट देखते ही एक महिला ने १५-२० ताबड़-तोड़ किट खरीद डाले…आजकल एक अदद दाढ़ी-मूंछ वाले ब्वायफ्रेंड की तलाश में हैं…लड़कियों के सैंडल पे ४०% का डिस्काउंट था एक महाशय १८ जोड़े खरीद लाए….अब उनकी वाइफ तो इंडिया में हैं तो सुबह शाम अपने रूम-मेट्स से उन्ही सैंडलों से मार खाते हैं ( बड़ा घमंड है उन्हें अपने ऊपर, कि साहब लड़कियों के सैंडल खा रहे हैं)|
ऊलज़लूल शौपिंग के आलावा जो दूसरा काम जनता करती है उसे “घूमना" कहते हैं..ये भी पाप-पुन्य कि बात हो जाती हैं…जैसे आपने कहा कि मै कहीं नहीं गया था घूमने, हर क्यूबिकल से आवाज़ आएगी…काहे नहीं गए? तबियत खराब हो तो भी जाना चाहिए…अभी नहीं गए तो कब जाओगे अब?…पैसे बचा रहे हो क्या? फिर आपको थोड़ी देर में कुछ बातें सुनायी देंगी “बेचारा कहीं जा नहीं पाया…कितना बुरा हुआ ना…इससे तो मेरे को बोलता..भगवान भी क्या क्या दिन दिखाता है…चार दिन घर में अकेला रहा होगा"
इस ज़लालत भरी जिंदगी से बचने के लिए करीबन १ महीने पहले से हम सबने कहीं जाने का सोच रखा था…पर जैसा हमेशा होता है…मन की उड़ान हमें जाने कहाँ कहाँ ले गयी…और हम ३ दिन पहले तक जगह भी डिसाइड नहीं कर पाए… फाइनली डिसाइड हुआ कि साल्ट लेक सिटी चलते हैं| २ दिन के अंदर सिटी घूमने के पास, रहने के लिए होटल और आने जाने के लिए कार का जुगाड़ किया गया| कुल मिला के पौने तीन ड्राइवर थे …१ हरी भाई, १ दीपक दा, १/२ आशीष भाई (इन्हें अभी-अभी लाइसेंस मिला है) और १/४ मैं (मेरे पास लर्निंग लाइसेंस है)…आशीष भाई हमें डिस्काउंट में कार दिलवा सकते थे तो उन्हें पूरे ड्राइवर का सम्मान देना पड़ा (जिसका हमें काफी अफ़सोस हुआ बाद में ) और टोटल ड्राईवर हो गए…सवा तीन…इसके अलावा एक इंसान और थे हमारे साथ देबाशीष …जिनका काम जीपीएस को संभालना था….
आगे कहानी गंभीर हो गयी….
पहला पड़ाव था ग्लेन कैन्यन डैम…जहाँ हमलोग तय समय से कुछ ढाई घंटे पहले पहुँच गए..सुबह का साढ़े तीन बज रहा था…अगले ३ घंटे कार में सोके बिताए गए…और सुबह की पहली किरन के साथ हम पहुंचे डैम पे…कोलाराडो नदी पे बना ये बाँध साठ के दशक में बन के तैयार हुआ था..जो नवाजो जनजाति से जगह लेकर बनाया गया था| ऐसा लगता है कि ये इंसान ने नहीं बनाया है | दोनों सिरे इस तरह से खोये हुए हैं कंकरीट कि दीवारों में जैसे ये मिलने के लिए ही बने थे |
हरी भाई अपने आदत के हिसाब से फोटो खिंचवाने में लगे हुए थे…वो आपको आवाज़ देकर बुलाएँगे कि आओ तुम्हारी एक फोटो लेते हैं, ये जगह बढ़िया है| उसके बाद वो आपसे दनादन ३-४ फोटो खिचवा लेंगे अपनी | और आप नाराज़ ना हो जाएँ तो जाते जाते एक फोटो और ले लेंगे आपकी |
डैम देखने के बाद अगली लोकेशन थी एंटीलोप कैन्यन ..जहाँ एक टूर गाइड के साथ कैन्यन घूमा गया…मैंने कभी सोचा नहीं था कि कोई जगह इतनी भी खूबसूरत हो सकती है….बलुए पत्थरों को कोलाराडो नदी के तेज बहाव ने काट कर इसे बनाया है…किसी मूर्तिकार कि सदियों की मेहनत सी दिखती है…बड़े करीने से एक एक कोने को तराश के उसे ना जाने क्या क्या रूप दे दिया है…और जब सूरज ठीक ऊपर चमकता है तो ये पूरी जगह उजाले से भर जाती है| हम सूरज कि रोशनी तो नहीं देख पाए क्यूंकि सूरज देवता तो बादलों के साथ छुप्पन छुप्पाई का खेल खेल रहे थे…पर जब भी मेहरबान हुए, झलक दिखा गए रोशनी से भरे महल की..गाइड ने हमें बताया कि १९३१ तक ये जगह मालूम नहीं थी.. जनजाती के लोग ही यहाँ रहते थे..जबसे इसका पता चला, लोग यहाँ आने लगे बड़ी संख्या में | और लोगों ने आके दीवारों पे अपने प्यार का इज़हार भी शुरू कर दिया (ठीक वैसा ही जैसे हमारे यहाँ होता है) | १९९७ में नदी में अचानक बाढ़ आ गयी और ११ लोग मारे गए तबसे यहाँ बिना गाइड के जाना मना है…बारिश के दिनों में ये पानी से भरा रहता है…आखिरी बार ये २००२ में पूरा पानी में डूबा था..हर साल आंशिक रूप से भर जाता है ये ..पानी की धार दीवारों पे अपने फुटप्रिंट छोड़ के जाती है हर साल…
१८० मिलियन बरस पुराना ये कुदरत का नायाब तोहफा…ना जाने कितने उतार चढ़ाव देख चुका है…आज भी इसके आस पास नवाजो जनजाति रहती है..इसीलिए हमें इसके ऊपर जाने से मना कर दिया हमारे गाइड ने…अदभुत था यहाँ आना …
यहाँ से हमारा अगला पड़ाव साल्ट लेक सिटी में हमारा होटल ही था…पूरे ७ घंटे की ड्राइव थी…जो खाते पीते, गाने गाते गुजर गयी…रास्ता पूरी तरह से सुंदरता के आगोश में डूबा हुआ रहा…कुछ झलकियाँ..
होटल पहुंचते-पहुंचते सर में हल्का हल्का दर्द सा होने लगा था..जो नहाने के साथ ही काफूर हो गया…रात का ९ बज रहा था…एक भारतीय खाने की जगह ढूंढी गयी…छक के खाया गया खाना…और वापस आके नींद के अलावा हम सबको और कुछ ना सूझा…
अगले दिन सुबह सुबह नाश्ता कर हम पहुंचे ओलिम्पिक ट्रेनिंग क्लब ..यहाँ हम गलती से पहुंचे थे..पर जगह बढ़िया निकली…कुल ३-४ घंटे यहाँ बिताए…आइस स्केटिंग की…आशीष के अलावा किसी को स्केटिंग नहीं आती थी…मैंने जनता में जोश भरने के लिए बोला “गिरने से मत डरो..गिरते भी वहीँ हैं जो कोशिश करते हैं" इसके बाद लोगो ने मेरे गिरने की काफी सारी फोटो ले डाली…
पर ऐसा नहीं है कि मै केवल गिरता रहा…ये विडियो बानगी है इस बात की..
इसके बाद नेक्स्ट डेस्टिनेशन था स्नोबर्ड….जहाँ बर्फबारी हो रही थी…मैंने अपनी जिंदगी में कभी स्नो फाल नहीं देखा था…रास्ता बर्फ की चादर से ढका हुआ था..”कतिया करूं” गाने के लोकेशन जैसी…और जैसे ही हम वहाँ पहुंचे हम सब के अंदर का छुपा हुआ शैतान सामने आ गया…फिर तो उधम मचा दी…जगह भरी थी बर्फ से…बात हुई कि यहाँ पे टी-शर्ट में फोटो खिचवाओ तो जाने…बस फिर क्या था..पिक ली गयी …२-३ घंटे यहाँ उछल-कूद हुई….
लौटने का मन तो नहीं कर रहा था..पर क्या करें आना तो था वापस होटल…शाम हो रही थी…मन कर रहा था रस्ते में कहीं चाय, समोसे, पकोड़े मिल जाएँ तो मजा आ जाए…पर कुछ खयाल, बस ख़याल ही रह जाते हैं…
इसके बाद भ्रमण किया गया डाउनटाऊन में नक्षत्रशाला का..जहाँ सिमुलेशन के ज़रिये ग्रीक मायोथोलोजी पे आधारित आस्ट्रिया की कहानी पता चली…उसके हाथों में एक तुला है जिसे तुला राशि का परिचायक कहा गया है…मैंने चौड़े होकर बोला “मैं भी तुला राशि का हूँ"..आशीष भाई का जवाब आया “तभी कुछ ना कुछ करने में तुले रहते हो…चुपचाप सनीमा देखो"…
रात हो रही थी…भूक लगने लगी…पंजाबी रेस्टोरेंट गए…यहाँ भी एक बार फिर हरी भाई सेंटर ऑफ आकर्षण बन गए..जब उन्होंने लस्सी आर्डर की…बोले" गिव में स्वीट लस्सी विध सम साल्ट"
वेटर भाई कुछ समझ नहीं पाए…होटल के मालिक को आना पड़ा..तब मामला सुलटा…
दिन खतम हुआ गहरी नींद में सोने के साथ..स्केटिंग में धडाधड गिरने कि वजह से हाथ पैर दर्द कर रहे थे…पर थकान सब पे भारी साबित हुई…नींद आ गयी…
अगले दिन एहसास हुआ कि आशीष को पूरे एक ड्राईवर का दर्ज़ा देना कितनी बड़ी गलती थी…हमें जहाँ जाना था ..उसके आस पास घंटे भर घुमाने के बाद उन्होंने हथियार डाल दिए कि भाई नहीं पहुंचा पाएंगे…हमने भी कहा “ए मेरे दिल कहीं और चल"|
इसके बाद एक एक करके हमने म्यूजियम, गार्डेन, चिड़ियाघर सब देख डाला| हरी भाई बदस्तूर कायम थे अपनी फोटोग्राफी के साथ..शायद ही कोई कोना छोड़ा हो उन्होंने..
लौट के एक बार शाम को फिर डाउनटाऊन का चक्कर लगाया गया…इस बार साल्ट लेक का सबसे पुराना चर्च देखा…
काफी लोग इकठ्ठा थे चर्च में, कुछ बच्चे भी थे जो संगीत बजा रहे थे…दिल खुश हो गया…मन किया कि कुछ माँगा जाये भगवान से…एक बार फिर आशीष भाई की ही आवाज़ सुनायी दी..
सुबह उठ के पैकिंग की गयी और लौट पड़े हम सब अपने घर को…रास्ता फिर भी उतना ही खूबसूरत था…
ट्रिप खतम हुई, हम शौपिंग से भी बच गए और ज़लालत से भी| पूरी ट्रिप का हिसाब किताब कर डाला गया है…सबको सबका हर्जा खर्चा बताके मामला रफादफा कर दिया गया है…पाई पाई जोड़ के हम लोग ऐश करके आये हैं…(यहाँ पाई का मान ३.१४१६ नहीं है
और जाते जाते कुछ पंक्तियाँ जो जेहन में उतर गयी हैं वो भी लिख डालता हूँ…
कायम रहेगी बस वो खूबसूरती,
जो रौनक है तेरे दिल में भी, मेरे दिल में भी"
गुरुवार, 10 नवंबर 2011
फर्जी पोस्ट…
(इस कहानी को कृपया कमजोर हृदय वाले लोग पढ़ने की कोशिश ना करें, बल्कि पूरा पढ़ें | बाकी भी पूरा पढ़ सकते हैं| इस कहानी में ड्रामा है, ट्रेजडी है, कॉमेडी है, नाच-गाना भी जबरदस्ती में घुसेड़ दिया गया है…)
हाँ तो दरसल मैं उनलोगों से मुखातिब हूँ जिन्होंने मेरे सामने वाली खिड़की में रहने वाले चाँद के टुकड़े में बेशुमार और बेहिसाब इंटरेस्ट दिखाया था | तरह तरह के सवाल पूंछे गए हैं मुझसे…कौन है? कैसी है? फोटो-वोटो भेजो जरा हम भी देखें, अकेले मजे ले रहे हो…
तो लो सब लोग पढ़ लो…(और ले लो मजा)
आगाज़ : शाम का सात - आठ के बीच का कोई टाइम हुआ होगा…मैं अपने नए घर में शिफ्ट ही हुआ था | घर पहुंचा ही था कि एक दोस्त का फोन आ गया…बात करते-करते मैं अपने कमरे की खिडकी पे जा खड़ा हुआ| बस वहीँ…ठीक मेरी सामने की खिडकी से वो गुज़री…और महसूस ही नहीं हुआ कि दोस्त की आवाज़ फोन पे कब घुन्धली हो गयी..और कब उसने फोन काटा..दुबारा फिर फोन किया और ये कहते हुए फिर फोन काटा “कि जब होश में आ जाना तो खुद ही फोन कर लेना"…तब जाके समझ आया कि दुर्घटना हुई है…खैर!!!! रंग दे बसंती के डीजे का डायलोग याद आ गया “मेन्नू प्यार हो गया सि”
एक बार फिर प्यार : पहली मुलाकात को भूलने में भी टाइम नहीं लगा| और वो इस लिए भी कि ऐसा पहली बार थोड़े ही हुआ है (अब कोई सतरा-अठरा सालों का तो हूँ नहीं, और कौन कहता है कि पहला प्यार नहीं भूलता, जिसको हर गली, हर मोड़ पे प्यार हो जाये, ना तो उसे पहला प्यार भूलते देर लगती है और ना आखिरी…)
हाँ तो दूसरी मुलाकात, वो तब हुई जब मै अपने रूम-मेट्स के साथ अपना लैटर बॉक्स देखने गया| वहाँ पे एक मोहतरमा खड़ी थी…”एक मोड़ आया मैं उत्थे दिल एक बार फिर छोड़ आया" | अबकी नींद तब टूटी जब आवाज़ आयी “तुम्हारा कोई लैटर नहीं आया है"|
जब तक हम चलते, मोहतरमा जा चुकी थी| वो भी अपना लैटर बॉक्स चेक करने ही आयी थीं| मैंने कहा “रुको!!! देखो कौन से नंबर का लैटर बॉक्स चेक कर रही थी" | घर का नंबर पता चलते ही चल पड़े घर पता करने | जब घर पहुंचे तो पता चला..
“जिसे ढूँढा गली-गली…वो घर के पिछवाड़े मिली”
ये वही खिडकी वाली मोहतरमा थी..”सच्चा" प्यार हो गया…तुरंत फेसबुक पे स्टेटस अपडेट किया…
“मेरे सामने वाली खिडकी में एक चाँद का टुकड़ा रहता है...”
अगले २-३ दिन : सुबह (जल्दी जाग के) और शाम (ऑफिस से भाग के) की चाय खिडकी पे पीना शुरू…बाद में गिटार प्रैक्टिस भी खिडकी पे | पर ये तो अमरीका है…यहाँ पड़ोस के कमरे में भी बातें जीटाक पे होती हैं….मेरे प्यार और मेरे गिटार दोनों की आवाज़ उस तक कैसे पहुँचती…और मैं अपने “सच्चे" प्यार को कैसे भूल जाता…मैं जोर (अपना) शोर (गिटार का) से लगा रहा | रूममेट्स को हिदायत दे दी गयी…
“जैसे दिखे तुरंत सिग्नल देना (प्रीतम आन मिलो वाला, दरवाजे पे नाखून बजा के).. समझे!!!”
सिलसिला चलता रहा….
और आ गया वीकेंड : वीकेंड का वेट वीकेंड खतम होते ही होने लगता है..
“ये मत सोचो वीकेंड में कितनी जिंदगी है…ये सोचो कि जिंदगी में कितने वीकेंड हैं"
पूरा वीकेंड कब गुज़रा..पता ही नहीं चला (कोई नयी बात बताओ) ना वो दिखी, ना खिडकी खुली, ना बत्ती जली (और मैं बन गया भीगी बिल्ली)
अगला मंडे : जल्दी जागने की आदत के चलते फिर सुबह जा धमका मै खिडकी पे..बस आगे की कहानी ना पूंछो..उसकी खिडकी के आधे हिस्से में काली प्लास्टिक (she is not eco-friendly) और बाकी आधी खिडकी बंद…मैं बहुत खुश हुआ…”किसी ने तो मुझे नोटिस किया"
रूम-मेट्स बोले “वहशी दरिंदे…१० महीने से रोज खिडकी खुलती थी…३-४ दिन में बंद करा दी तूने"
करेंट स्टेटस : एक बार और दिखी है तब से..कार से उतरते हुए…बस्…लेकिन बाकी दुनिया ने पूंछ पूंछ के ढेर कर दिया है उसके बारे में…कसम से ये गाना बड़ा दुःख भरा है…
“ये खिडकी जो बंद रहती है"
वैधानिक चेतावनी : इस कहानी को पढ़ने के बाद अगर किसी ने दुबारा मेरे से चाँद या चाँद के टुकड़े के बारे में कुछ भी पूंछा तो I will sue them in American Court…हर्जे खर्चे के लिए वो खुद ज़िम्मेदार होंगे| रवि और पंकज इस बात का विशेष ध्यान रखें…
जाते जाते…एक दुखभरा गाना आप सबको सुनाये देता हूँ…आँसूं संभाल लीजियेगा…
और अगर विडियो और कहानी में लिंक ना समझ आया हो तो नीचे कमेन्ट में अपनी भड़ास निकाल सकते हैं…और अगर आ गया है समझ में, तो भी लिख दो जो मर्जी हो..आखिर पोस्ट फर्जी है ना..…. अल्लाह हाफ़िज़!!!!
--देवांशु
शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2011
अनभिज्ञ…
“या ..आलमोस्ट” सारिका ने जवाब दिया |
“गुड…बट तुम्हारी कैब तो निकल गयी होगी" घड़ी की तरफ देखते हुए रिषी बोला|
“हाँ..सोंचा आखिरी दिन है गुडगाँव में..आज मेट्रो से जाती हूँ"
“ओ हाँ..योर लास्ट वर्किंग डे विध अस"
“हम्म…बट यू नो आज बड़ी अजीब सी फीलिंग है…घर जाने का मन नहीं कर रहा"
“होता है" रिषी ने मुस्कुराते हुए बोला और अपनी कंप्यूटर स्क्रीन की तरफ मुड़ गया|
२-३ मिनट सन्नाटे के बाद वो फिर बोला…
“इफ यू डोंट माइंड ..कैन आई ड्रॉप यू टू मेट्रो स्टेशन” रिषी ने बोला…
“नहीं चली जाउंगी..”
“ओके..वैसे अगर घर जल्दी जाने का मन ना हो तो यू कैन ज्वाइन मी…थोड़ी देर घूमेंगे एंड देन मैं तुम्हे ड्रॉप कर दूंगा”
“हम्म…बट अगर मैं तुम्हारे साथ फ्राइडे शाम को घूमूंगी तो मेरा ब्वायफ्रेंड मुझे गोली मार देगा…तुम मुझे मेट्रो तक ही छोड़ दो..”
“श्योर..देन आई कांट हेल्प इट” वो हँसने लगा…
तभी रिषी का फोन रिंग करने लगा..
“हेल्लो सर…"
".यस आई एम् इन ऑफिस…"
".बट लीविंग…."
"ओके…लेट मी सी" उसने फोन रख दिया और फिर अपनी स्क्रीन की तरफ घूम गया|
“क्या हुआ" सारिका ने पूंछा
“थोड़ा सा काम आ गया है गिव मी टेन मिनट..आई विल ड्रॉप यू आफ्टर दैट”
“कोई नहीं तुम काम कर लो…मै वैसे भी देर से निकालूंगी…भीड़ भी कम हो जायेगी मेट्रो में"
रिषी अपने काम में डूब गया और उसने कोई भी जवाब नहीं दिया| आधा घंटा बीत जाने पे सारिका ने ही बोला..
“तो अब तुम मुझे मेट्रो तक भी नहीं छोड़ोगे”
“क्यूँ"
“मेरा ब्वायफ्रेंड जो है" उसने हँसते हुए बोला…
“नहीं यार..बस हो ही गया ये…यू नो टेन मिनटस् आर नेवर टेन मिनटस् और वैसे भी मेरी गर्लफ्रेंड है ” उसने हँसते हुए जवाब दिया…और फिर फोन पे किसी से बात करने लगा…
“इट्स डन सर..हैव अ गुड वीकेंड..बाय" उसने फोन रख दिया…
“चलो ..अगर मन हो तो" रिषी ने बोला|
“हाँ चलो"
दोनों अपने बैग लेकर पार्किंग में पहुंचे..रिषी ने अपनी कार अनलाक की..कार में बैठते ही सारिका ने बोला..
“सही है बॉस आते ही कार शार”
“हाँ यार..बड़ा मन था अपनी कार का..२ महीने पहले से बुक करवा रखी थी”
“गुड है" सारिका ने बोला
“वैसे हमारी फोर्मल हाय हेल्लो ही हुई है…बाकी बाय बोलने में स्टेशन आ जायेगा….अगर थोड़ा टाइम हो तो घूम के चलें ..ठीक से बाय बोल लूँगा" रिषी ने कहा कार बाहर निकालते हुए
“ठीक है" सारिका ने कहा…
कार सड़क पे आ गयी..बारिश गिरने लगी थी धीरे-धीरे….रिषी एक-एक करके सड़के बदलता रहा और दोनों आपस में बातें करते रहे…
“तो फिर कब से ज्वाइन करनी है नयी कंपनी" रिषी ने पूंछा
“दो वीक का ब्रेक ले रही हूँ..पांच साल कब बीत गए पता ही नहीं चला…थोड़ा टाइम घर वालों को भी दिया जाये"
“सही है..कितना टाइम बिताया यहाँ…ओह्ह सॉरी मै तुम्हारी फेयरवेल पार्टी में नहीं आया" रिषी ने बोला
“तो कम से कम बाय बाय मेल ही पढ़ लेते"
“सॉरी..मनडे पढूंगा…पक्का"
“५ साल ..पूरा करियर यहीं का है"
“तभी..यू वर नोस्टेलिजिक"रिषी बोला…
“हाँ …एनी वे…मौसम अच्छा है एफएम ऑन करते हैं"..कहते कहते उसने एफएम ऑन कर दिया..गाना चल रहा था “रिमझिम गिरे सावन"
“सुलग सुलग जाये मन" सारिका ने गुन गुनाया
“लाइक शोर्ट सर्किट" रिषी बोला
“हाउ फनी" सरिता ने उखड के कहा…
“सीसीडी चलें ..इतने अच्छे मौसम में काफी तो बनती है"
“कहीं चाय पीते हैं…सड़क के किनारे..”
“ओके" कहते हुए रिषी ने गाड़ी मोड दी
*****
गुडगाँव में सिटी सेंटर के ठीक बहार एक लंबा स्ट्रेच है ..घूमने के लिए…उसके आस पास कई रेहड़ी वाले खड़े रहते हैं…गाड़ी को पार्क करके रिषी ने चाय खरीदी और वहीँ घास के पास एक पत्थर पे दोनों बैठ गए…बारिश अभी भी गिर रही थी…
“अजीब शहर है ये..खुद में खोया हुआ…यू नो मुंबई वाली बात नहीं है" रिषी बोला
“पर अच्छा लगता है मुझे…पूरी लाइफ इसी के आस पास बीती है…” फिर सन्नाटा.थोड़ी देर बाद रिषी ने ही पूंछा
“तो क्यूँ छोड़ी कंपनी"
“ऐसे ही काफी टाइम हो गया था…पर पता है मेरी ड्रीम कंपनी थी…तभी बुरा लग रहा था..”
“होता है…बड़े बड़े शहरों में ऐसी छोटी छोटी बातें…”
बीच में टोंकते हुए सारिका बोल पड़ी “तुम्हारे बारे में सब सही कहते हैं..हर टाइम बकवास कर सकते हो तुम…खुद से बोर नहीं हो जाते"
“शाहरुख करता है तो सही है , मै करूं तो बकवास…तुम लड़कियां भी ना"
“ओह्ह तो ये बात है…चलो नहीं कहती बकवास”
“अब ठीक है…तुम्हे मेल करूँगा…फेसबुक पे तो होगी ही तुम…”
“मेल कैसे करोगे"
“तुमने बाय बाय मेल में अपनी आईडी दी होगी ही…” रिषी को लगा उसने कोई इंटेलिजेंट जवाब दिया|
“जानती हूँ कोई रिप्लाई नहीं करेगा…वही आईडी दी है जो मै कभी कभी ही चेक करती हूँ..” सारिका ने बोला..
“सही है..फिर अपनी सही आईडी डे दे दो"
“क्या करोगे…कल से तो मैं वैसे भी कहानी ही हो जाउंगी…”
“ये भी सही है…”
और दोनों ऐसे ही चुप हो गए…काफी देर बाद रिषी ने बोला…
“सारिका !! आई थिंक तुम्हारे जाने का वीक और मेरा आने का वीक एक ही था..तुम्हारे साथ काम करता तो मजा आ जाता…”
“हाँ तुम इतने बकवास भी नहीं हो जितना लोग कहने लगे हैं" हंसी मिली हुई थी आवाज़ में…
“हम्म…वो क्या है ना मुझे चुप रहना बिलकुल पसंद नहीं…कुछ ना कुछ बोलते रहो या सुनते रहो…”
“कुल मिला के शांति पसंद नहीं है तुम्हे" सारिका ने बोला…
“ऐसा नहीं है मंदिरा बेदी काफी पसंद है मुझे” रिषी ने एक अजीब सी मुस्कान चेहरे पे खींची…
“ओह माय गोड…तुम एक दम ..” सारिका ने अपना सर पकड़ लिया..
“कोई नहीं ..पर पता नहीं क्यूँ तुम्हे सॉरी बोलने का मन कर रहा है…” रिषी बोला
“क्यूँ"
“ना मैं तुम्हारी फेयरवेल पे आया, ना गिफ्ट के पैसे ही दिए मैंने…और झूंठ भी बोला तुमसे"
“कैसा झूंठ"
“यही की मेरी गर्लफ्रेंड है"
“हम्म…कोई नहीं बड़े बड़े देशों में….” और दोनों फिर हँसने लगे…
“चलो तुम्हें घर तक छोड़ देता हूँ…अब क्या जाओगी मेट्रो में” उसने घड़ी की तरफ देखा…रात के साढ़े नौ बज रहे थे…
“काफी लेट हो गया है..चलते हैं" रिषी ने ही बोला…
“चलो…”
एक बार फिर से दोनों कार में बैठे…सारिका कुछ चुप सी थी..ख़ामोशी भरी हुई थी कार में…फिर से एफएम ऑन किया…बारिश के गाने अभी भी चल रहे थे…और काफी देर तक गाने ही चलते रहे..
“बड़ी शांत हो गयीं" रिषी ने बोला…
“ऐसे ही…कुछ अच्छा सा नहीं लग रहा” सारिका ने कार से बाहर देखते हुए बोला….
“इतना अच्छा मौसम और तुम्हे अच्छा नहीं लग रहा है"…
फिर ख़ामोशी…
“तुमने मुझसे झूंठ क्यूँ बोला…” सारिका ने पूंछा
“ऐसे ही… शायद मुझे अच्छा नहीं लगा की तुम्हारा ब्वायफ्रेंड है…पर एक बात बताओ तुम्हारा ब्वायफ्रेंड तो बड़ा केयरलेस है यार..इतनी देर से तुम्हे कॉल ही नहीं किया…”
“ह्म्म्म" सारिका ने एक गहरी सांस ली…
“क्या ह्म्म्म"…बोलो ना…
“एक झूंठ मैंने भी बोला था….”सारिका ने जवाब दिया…
“व्हाट…..” रिषी ने चौंक के सारिका की ओर देखा….पर इससे पहले की वो और कुछ बोल पाता एफएम की आवाज़ को सारिका ने बहुत ज्यादा बढ़ा दिया…गाना ऊंची आवाज़ में बजने लगा…
“बजता है जलतरंग, टीन की छत पे जब, मोतियों जैसा जल बरसे"….
कार भीगती रात में दौड़ी चली जा रही थी….
गुरुवार, 29 सितंबर 2011
गए तुम गए…..क्यूँ ?
“कितना अच्छा बीत रहा था ना सब कुछ" लडकी ने कहा…
“हाँ" एक लंबी सांस भरते हुए लडके ने जवाब दिया…
अचानक लडकी ने अपना सर कंधे से हटाया और उसकी ओर देखने लगी….लडके ने भी उसे देखा…
“अब जब सब सही होने लगा था…तब ये क्यूँ हुआ?” वो बोली…
“पता नहीं”…वैसे का वैसा ही जवाब…
“लव आज कल देखी थी ना? ये लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप नहीं चल पाती" वो और सीरिअस होते हुए बोली…
“पता है..पर क्या किया जा सकता है"
फिर वही सन्नाटा छा गया…माउथ ओरगन की आवाज़ में थोड़ा दर्द आने लगा है…
“जब तुम जागोगे तो मै सोने कि कोशिश कर रही होउंगी…और जब मै जगूंगी तब तुम नहीं सो पाओगे?” उसने कुछ सोचते हुए बोला…
“और फिर जब हमने कल ही डिसाइड किया कि घर वालों को बता देंगे तो तुम्हे आज ही बाहर जाने का ऑफर मिल गया" वो बोलती गयी….
“तो बता देते हैं…फिर मैं निकल जाऊंगा"
“तुम्हे क्या लगता है बस केवल बताना ही है क्या? मै तुमसे अलग अब नहीं रह सकती" उसका चेहरा उतर गया…
“दो जिस्म एक जान टाइप" उसने माहौल को थोड़ा हलका करने कि कोशिश की…
पर कोई जवाब नहीं आया…तो बोला…
“ठीक है मै थोड़ा डिले करावा लेता हूँ…ठीक है???” एक बार फिर सन्नाटा…
“नहीं मेरे को लगता है तुम्हे जाना चाहिए….आई विल मैनेज”
“आर यू श्योर"
“हम्म"..इस बार आंसूं नहीं रुके…
लडके ने उसे प्यार से बाँहों में भर लिया….
“एक साल ..बस एक साल…फिर हम तुम एक साथ…”
लडकी ने भी सर हिला कर हामी भरी….दोनों एक दूसरे के हाथों में हाँथ डालकर चल दिए….माउथ ओरगन अभी भी बजता रहा…संगीत में आवाज़ कम थी दर्द ज्यादा था…
गुरुवार, 15 सितंबर 2011
ये पोस्ट थोडा पहले आनी थी…
मन बहुत था की पार्टिसिपेट किया जाये…पर कविता?? कक्षा १० तक तो केवल पढते थे..लिखने की बात तो बहुत दूर थी…पहली बार ऐसा लग रहा था की कुछ है जो कर नहीं सकते (उसके बाद बहुत बार लग चुका है की कुछ कर नहीं सकते, तब लिखने की कोशिश की थी, अब इग्नोर कर देते हैं)….मेरे हिंदी के टीचर थे श्री शुभकर नाथ जी शुक्ल, खुद में भी वे अच्छे कवि थे…और पढाते भी बहुत बढ़िया थे…हिंदी भी गणित की तरह टिप्स पे आ चुकी थी..वो भी श्री रामधारी सिंह दिनकर के बड़े फैन थे और मै भी बन गया था (आज तक हूँ)
हाँ तो तय ये हुआ की मै खुद ही कविता लिखूंगा और आचार्य जी (हम टीचर को आचार्य जी ही बुलाया करते थे) उसमे अपने इनपुट्स देंगे और फिर वो कविता मै पढूंगा…
३-४ दिन की मेहनत के बाद मै कुछ ८-१० पंक्तियाँ उनके पास लेकर गया…उन्होंने एक नज़र उस और देखा और पन्ना अपने पास रख लिया…और बोले “थोडा बदलाव करने पड़ेंगे…कल देता हूँ ठीक करके..”
उनके चेहरे से लग रहा था की मन ही मन सोच रहे होंगे “ये विज्ञान पढ़ने वाले मानेंगे नहीं..हर जगह एक्सपेरिमेंट करते रहते हैं"
अगले दिन मै उनके पास जा पहुंचा…उन्होंने अपनी जेब से वो पन्ना निकला और बोले देख लो थोडा सही किया है…
थोड़ा??? पूरी कविता ही नयी थी…विचार कुछ कुछ वही ,कहने का तरीका एक दम अलग …मै बस देखता रह गया…मैंने कहा “ अपने तो पूरी नयी कविता लिख दी”…वो बोले “हाँ थोड़ा बदलाव करना पड़ा….पर तुमने लिखने की कोशिश तो बहुत अच्छी की है…तुम ज़रूर जीतोगे"
खैर मैंने जैसे तैसे वो कविता याद कर डाली और सुना भी दी…मै जीता तो नहीं पर आचार्य जी का आशीर्वाद मुझे ज़रूर मिला…उस भरी भीड़ में भी मैं उनको देख पा रहा था…शायद मैं डर जाता और कुछ न बोल पाता अगर वो वहाँ न होते उस समय….
कल रात “रश्मिरथी" समाप्त करने के बाद मुझे उनकी याद आ गयी…१०वीं की बोर्ड परीक्षा के बाद मैं उनसे आजतक नहीं मिला हूँ, न उनका कोई नंबर है मेरे पास…उम्मीद है की मैं फिर कभी ज़रूर मिलूँगा…
फिलहाल यहाँ लिख रहा हूँ वही कविता जो मुझे आजतक बिना रुके पूरी तरह याद है…
ये कविता आप ही की है आचार्य और आपको ही समर्पित है….